Ratan Tata: पंचतत्व में विलीन हुए रतन टाटा, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Ratan Tata: उद्योगपति रतन टाटा का मुंबई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वर्ली स्थित श्मशान घाट में उन्हें पंचतत्व में विलीन किया गया। कोलाबा स्थित टाटा के आवास से लेकर NCPA (राष्ट्रीय प्रदर्शन कला संस्थान) और फिर श्मशान घाट तक लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। उनके अंतिम दर्शन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से लेकर राजनीतिक, कारोबारी, खेल, मनोरंजन जगत के कई बड़े नाम पहुंचे। बुधवार को 86 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली।

कोई भी उनकी जगह नहीं ले सकता: राजपाल यादव
मुंबई के वर्ली श्मशान घाट पर उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के बाद अभिनेता राजपाल यादव ने कहा, रतन टाटा ने मुझे सिखाया कि लोगों की भलाई और सामाजिक कल्याण के लिए व्यवसाय कैसे चलाया जाता है। एक बार उन्होंने मुझे गले लगाया और कहा, बेटा, तुम हमेशा मौलिक होते हो। कई साल पहले मुझे उनका आशीर्वाद मिला था। तब से मैं उन्हें सलाम करता हूं। कोई भी उनकी जगह नहीं ले सकता।

गुजरात सरकार एकदिवसीय शोक की घोषणा
गुजरात सरकार ने रतन टाटा के सम्मान में बृहस्पतिवार को एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई में निधन हो गया था। राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, बृहस्पतिवार को गुजरात में सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और दिनभर कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं होगा। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल मुंबई पहुंचे और टाटा को पुष्पांजलि अर्पित की, जिनके पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए शहर के राष्ट्रीय प्रदर्शन कला केंद्र (एनसीपीए) में रखा गया है। एक बयान में पटेल ने टाटा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत ने अपना ‘रत्न’ खो दिया है और उनके निधन से एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है जिसे कभी नहीं भरा जा सकता।

Related Articles

Back to top button