घमंडिया गठबंधन का मकसद परिवार के लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनाना है…मुजफ्फरनगर में बोले अमित शाह

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की तरफ से ताबड़तोड़ जनसभाएं शुरू हो गईं हैं। पीएम मोदी के साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी चुनावी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की पूर्व बसपा और सपा की सरकारों पर चीनी मिलों को बंद करने का आरोप लगाते हुए उनको घेरा।

गृहमंत्री ने कहा कि, बसपा के शासन में 19 चीनी मिलें बंद हुई, अखिलेश के शासन में 10 चीनी मिलें बंद हुई। लेकिन भाजपा के शासन में 20 से अधिक चीनी मिलों को शुरू किया गया और 5 नई चीनी मिलें बनाने का काम भी हमारी सरकार ने किया है।

उन्होंने कहा, आप याद कीजिये जब कांग्रेस की सरकार थी, तब गन्ने की FRP 210 रुपये प्रति क्विंटल थी। आज इसे 340 रुपये प्रति क्विंटल करने का काम मोदी जी ने किया है। भुगतान की जहां तक बात है, आज 2 लाख 50 हजार करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान करने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।

इस दौरान उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए कहा कि, घमंडिया गठबंधन, जिसमें अखिलेश यादव की पार्टी और कांग्रेस पार्टी है, ये कभी नहीं चाहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर बने। कांग्रेस ने 70 साल तक राम जन्मभूमि के मुद्दे को अटकाकर, लटकाकर और भटकाकर रखा। मोदी जी ने केस भी जीता, भूमि-पुजन भी किया और 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, 2014 में जब मैं यहां आया था, उस समय कैराना, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से पलायन चालू हो गया था। आपने 2017 में भाजपा की सरकार बनाई और योगी सरकार ने यहां पर गुंडों का आतंक बंद करके यहां पलायन रोका है और लोगों को सुरक्षित किया है।

इसके साथ ही कहा, इस चुनाव में जो घमंडिया गठबंधन इकट्ठा हुआ है, उसमें 12 लाख करोड़ रुपये के घपले-घोटाले, भ्रष्टाचार करने वाले लोग एकत्र हुए हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि मोदी जी चौधरी चरण सिंह जी के गौरव समारोह में आए, उसी दिन घमंडिया गठबंधन ने भ्रष्टाचारी रैली आयोजित की और उस रैली में भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने की बात की।

उन्होंने आगे कहा कि, घमंडिया गठबंधन का मकसद परिवार के लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनाना है। जबकि मोदी जी का मकसद देश के किसान, गरीब, मजदूर, दलित और आदिवासी को मजबूत बनाकर अपने पैरों पर खड़ा करना है।

Related Articles

Back to top button