UP News: बदायूं में महिला जज का शव फंदे से लटकता मिला, जांच में जुटी पुलिस

UP News: यूपी के बदायूं में महिला जज ज्योत्सना राय का शव फंदे से लटकता मिला। महिला जज के फंदे से लटकते मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गयी। जांच में पुलिस को मौके से कुछ दस्तावेज मिले हैं, जिसमें क्या लिखा है ये बातें सामने नहीं आई है।

एसपी बदायूं आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची। उनका आवास पहली मंजिल पर है। दरवाजे अंदर से बंद थे। उसे जबरदस्ती खोला गया और उनका शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला। शव को कब्जे में ले लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके दस्तावेजों में कुछ चीजें मिली हैं। सभी तथ्यों की जांच की जाएगी।

बताया जा रहा है कि, शनिवार सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय की जज ज्योत्सना राय कोर्ट में नहीं पहुंचीं। इस पर उनके सा​थी जजों ने फोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इस पर कर्मचारी आवास पर पहुंचे तो काफी आवाज और खटखटाने पर दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने धक्का देकर दरवाजे को खोला तब पुलिस अंदर दाखिल हो पाई। बताया जा रहा है कि, अंदर कमरे में पंखे से उनका शव लटका हुआ था।

बता दें कि, ज्योत्सना राय 2019 में सिविल जज बनी थीं। बदायूं में उनकी दूसरी पोस्टिंग थी। इससे पहले वह अयोध्या में भी तैनात रह चुकी थीं। वह अप्रैल 2023 में बदायूं आई थी।

Related Articles

Back to top button