लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आज प्रदेश मुख्यालय लखनऊ समेत सभी जिलों में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी का जन्मदिन सादगी के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम इटावा के हैवरा स्थित चौधरी चरण सिंह पीजी कालेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव रहे। अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज परिसर में समाजवादी पार्टी के संस्थापक पूर्व रक्षामंत्री नेताजी मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण किया।
नेताजी की प्रतिमा के अनावरण के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के बहुत बड़े नेता रहे। उन्होंने किसानों के हित में बड़े फैसले लिए। उन्होंने जीवन भर किसानों की खुशहाली के लिए काम किया। वे नेताजी मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक गुरू थे। नेताजी चौधरी चरण सिंह जी से सीख कर राजनीति में आगे बढ़े। नेताजी ने इस संस्था चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज को बड़ा बनाया। आज यह संस्था बहुत बड़ी हो गयी है। इसमें दूर-दूर से बच्चे पढ़ने आते है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बात की बहुत खुशी है कि चौधरी चरण सिंह के नाम से बनायी गयी संस्था में नेताजी की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। नेताजी जी ने लोगों के लिए काम किया, उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया और धरती पुत्र कहलाये। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। आज जब हम किसानों के सबसे बड़े नेता चौधरी साहब को याद कर रहे हैं उसी समय दिल्ली बार्डर पर तमाम किसान नेता किसानों की मांगों को लेकर भूख हड़ताल और धरने पर बैठे हैं। उन किसानों की जान और स्वास्थ्य चिंता का विषय है। यह सरकार किसानों के हित में फैसला नहीं लेती है। किसानों की समस्याओं से ध्यान हटाने और मुद्दों के लिए साजिश के तहत नये-नये मुद्दे उछालती है।
इसके साथ ही कहा, समाजवादी पार्टी देश की अकेली पार्टी है जिसके नाम में ही समाजवाद है। जो समाजवाद हमारे संविधान की प्रस्तावना में है, वहीं हमारी पार्टी के नाम में है। और किसी दल के नाम में ऐसा नहीं है। नेताजी ने इसी मिट्टी से उठकर और इसी मिट्टी में खून, पसीना बहाकर समाजवादी विचारधारा और पार्टी को आगे बढ़ाया। अखिलेश यादव ने प्रदेश की जनता को धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और गठबंधन को सबसे ज्यादा सीटे जिताकर उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनाने का काम किया। हम लोग जिन परिस्थियों में काम कर रहे हैं, उसमें बड़ी चुनौती है। हम लोग ऐसे लोगों से लड़ रहे है, जिनके पास सब कुछ है।
इतना है कि कोई कल्पना नहीं कर सकता है। वे अपनी गलत बात को भी सही साबित करने के लिए किसी का भी सहयोग ले सकते है। सभी ने देखा की लोकसभा में बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के सम्मान में सभी दल एकजुट हो गये। सभी लोग चाहते थे कि बाबा साहब पर की गयी अपमान जनक टिप्पणी पर माफी मांग लें। लेकिन भाजपा के लोगों ने घटना को कैसे बदला, सभी ने देखा। जिन सांसदों को चोटिल बताया जा रहा है उन्होंने बड़े-बड़े एक्टरों को फेल कर दिया है। फर्रूखाबाद वाले सांसद तो वोट से नहीं जीते थे वे सर्टिफिकेट देकर सांसद जिताए गए हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर जी ने देश का संविधान दिया है। संविधान लोकतंत्र में रक्षा कवच है। यह संविधान हम सबको अधिकार देता है। अधिकारों की रक्षा करता है। सम्मान दिलाता है। भाजपा जानबूझकर बाबा साहब को अपमानित करती है। भाजपा के लोग संविधान का सम्मान नहीं करते हैं। संविधान के अनुसार काम नहीं करते हैं। बाबा साहब पर की गयी अपमानजनक टिप्पणी के लिए भाजपा के सिर्फ एक नेता नहीं, पूरी भाजपा को माफी मांगनी चाहिए। देश में जगह-जगह खुदाई पर अखिलेश यादव ने कहा कि हमने कई मौकों पर कहा है कि खुदाई से रास्ता नहीं निकलेगा। धरती लाखों साल की है। खुदाई करने पर हर जगह कुछ न कुछ निकलेगा। खुदाई करने से रास्ता नहीं निकलेगा। खोदने वाले लोग खोदते-खोदते एक दिन देश के सौहार्द को खो देंगे।