पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्री से पद से दिया इस्तीफा, कहा-हमारी पार्टी और हमारे साथ नाइंसाफी हुई

Lok sabha election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बिहार एनडीए में सीट बंटवारे पर सोमवार को मुहर लग गयी। बीजेपी 17, जेडीयू 16 और चिराग पासवान की पार्टी पांच सीटें मिलीं। इसके साथ ही उपेंद्र कुशवाहा और जीतनराम मांझी की पार्टी को एक—एक सीट मिली। हालांकि, पशुपति पारस की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली, जिसके कारण वो नाराज थे और उन्होंने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जारहा है कि, अब वो इंडिया गठबंधन में शामिल हो सकते हैं।

इस्तीफा देने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए पशुपति पारस ने कहा कि, 5-6 दिन पहले मैंने प्रेस वार्ता में कहा था कि मैं तब तक इंतजार करूंगा जब तक NDA सीटों की घोषणा नहीं करती। मैंने बहुत ईमानदारी से NDA की सेवा की। पीएम नरेंद्र मोदी देश के बड़े नेता हैं, लेकिन हमारी पार्टी और व्यक्तिगत रूप से हमारे साथ नाइंसाफी हुई। इसलिए मैं केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देता हूं।

बताया जा रहा है कि, पशुपति कुमार पारस मंगलवार शाम पटना लौटेंगे। यहां उनके राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात का समय भी पक्का किया जा रहा है। शाम छह बजे के आसपास यह भेंट होने की उम्मीद है। इधर, भाजपा ने भी पारस को लेकर उम्मीद नहीं छोड़ी है। राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक समय उनके भतीजे की जगह पारस को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी। अब पीएम मोदी बिहार में नई पीढ़ी को मौका देना चाह रहे हैं। इसके अलावा कोई बात नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चाचा-भतीजा की बात है और समझौता हो जाना चाहिए।

Related Articles

Back to top button