PM मोदी ने किया पुणे मेट्रो की लाइन-3 का उद्घाटन, 4 नवंबर से शुरू होगी यात्री सेवा

पुणे के लोगों को मेट्रो की नई सुविधा मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर तक जाने वाली मेट्रो लाइन-3 का उद्घाटन किया। करीब 23.2 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर यात्रियों के लिए सेवा 4 नवंबर की सुबह 6 बजे से शुरू होगी।
पीएम मोदी बोले- मेट्रो से बढ़ेगी शहरों की रफ्तार
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने 2014 में मध्यम वर्ग के लिए आवागमन और जीवन को आसान बनाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि मेट्रो नेटवर्क शहरों की प्रतिस्पर्धा और जीवन सुगमता, दोनों को बेहतर बनाता है।
पीएम मोदी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 1984 से 2014 के बीच देश में केवल 248 किलोमीटर मेट्रो लाइन बनी थी और पांच शहरों में ही मेट्रो चल रही थी। उन्होंने कहा कि पुरानी कार्यसंस्कृति जारी रहती तो पुणे को मेट्रो के लिए कई दशक और इंतजार करना पड़ता।
8,313 करोड़ की परियोजना, 17 स्टेशन खुलेंगे
‘पिंक लाइन’ के नाम से पहचानी जाने वाली यह मेट्रो पूरी तरह एलिवेटेड है। इसकी अनुमानित लागत 8,313 करोड़ रुपये है। कॉरिडोर पर कुल 23 स्टेशन बनाए गए हैं, लेकिन शुरुआती चरण में 17 स्टेशनों पर ही यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत तैयार की गई है। मेट्रो को बस और अन्य परिवहन साधनों से जोड़ने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं।
आईटी हब को मिलेगा सीधा फायदा
हिंजवडी पुणे का प्रमुख आईटी और व्यावसायिक क्षेत्र है। मेट्रो लाइन शुरू होने से इस इलाके तक पहुंचना आसान होगा और सड़क यातायात का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। परियोजना के तहत साइकिल ट्रैक, चौड़े फुटपाथ और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग भी बनाई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री ने पुणे को आईटी, ऑटोमोबाइल, फार्मा और स्टार्टअप का अहम केंद्र बताते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी शहर के विकास को नई गति देगी।

Related Articles

Back to top button